Site icon Azad Express News

छात्रा को एक दिन का थाना प्रभारी (एसएचओ) बनाया

मेरठ समाचार

मेरठ। उत्तर प्रदेश सरकार के “सशक्त नारी, समृद्ध प्रदेश” अभियान अंतर्गत संचालित मिशन शक्ति के पांचवें चरण में महिलाओं व बालिकाओं को जागरूक करने के उद्देश्य से लगातार कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में शनिवार को सिविल लाइन थाना परिसर में एक अनूठी पहल की गई। इस विशेष आयोजन के तहत एक छात्रा को एक दिन का थाना प्रभारी (एसएचओ) बनाया गया।

कार्यक्रम के दौरान छात्रा ने महिला सुरक्षा से जुड़े मामलों की जानकारी प्राप्त की और थाना परिसर का निरीक्षण भी किया। पुलिस अधिकारियों ने छात्रा को थाने के कार्यप्रणाली, एफआईआर दर्ज करने की प्रक्रिया, महिला हेल्पलाइन नंबर 1090 और महिला सुरक्षा ऐप्स के बारे में विस्तार से बताया। इस अवसर पर छात्रा ने कहा कि यह अनुभव उसके लिए जीवन भर प्रेरणादायी रहेगा और इससे उसके आत्मविश्वास में वृद्धि हुई है।

थाना प्रभारी ने बताया कि मिशन शक्ति अभियान का मुख्य उद्देश्य महिलाओं और बालिकाओं को न केवल आत्मनिर्भर बनाना है, बल्कि उन्हें अपने अधिकारों और कानूनी प्रक्रियाओं की जानकारी भी देना है। इस पहल से बेटियों में सुरक्षा को लेकर विश्वास और जागरूकता दोनों ही बढ़ेगी।

स्थानीय लोगों ने भी इस कार्यक्रम की सराहना की और कहा कि ऐसे प्रयास समाज में सकारात्मक बदलाव लाने में मददगार साबित होंगे।

Exit mobile version